लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। प्रेम संबंधों को लेकर उपजे विवाद ने एक युवक की जान ले ली। नागपुर के यशोधरानगर थाना क्षेत्र में बहन के प्रेमी ने अपने साथी के साथ मिलकर युवती के भाई की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान मोहम्मद सलमान मोहम्मद अशफाक (22), निवासी संघर्षनगर के रूप में हुई है। वहीं मुख्य आरोपी मुजम्मिल उर्फ मुज हसन अली (18) निवासी गाजाखेत चौक तथा उसका एक नाबालिग साथी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
पुलिस के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले मुजम्मिल सलमान के परिवार की फैब्रिकेशन वर्कशॉप में काम करता था। इसी दौरान उसका सलमान की बहन के साथ प्रेम संबंध बन गया। परिवार को इसकी जानकारी मिलने पर मुजम्मिल को नौकरी से निकाल दिया गया। इसके बाद भी वह युवती का पीछा करता रहा, जिससे नाराज होकर सलमान ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी थी। बताया जाता है कि इसी अपमान का बदला लेने की भावना मुजम्मिल के मन में बनी हुई थी।
मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे सलमान अपने मित्र के साथ टीपू सुल्तान चौक पर खड़ा था। तभी मुजम्मिल अपने नाबालिग साथी के साथ वहां पहुंचा और सलमान से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकूनुमा हथियार से सलमान के पेट, सीने और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
गंभीर रूप से घायल सलमान को तत्काल मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही यशोधरानगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।










