भटकते 11 वर्षीय बच्चे को भी पुलिस ने परिजनों से मिलाया
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। घर से लापता हुई नाबालिग लड़की को छह महीने बाद तलाश कर शांति नगर पुलिस के हवाले किया गया. वहीं, चिचभवन क्षेत्र में भटक रहे 11 वर्षीय बच्चे को बेलतरोड़ी पुलिस ने तलाश कर उसके पिता के सुपुर्द किया. दोनों मामलों में पुलिस ने बच्चों की काउंसलिंग कर उन्हें परिजनों के हवाले किया. शांति नगर क्षेत्र में रहने वाले 37 वर्षीय व्यक्ति की नाबालिग बेटी 20 जनवरी 2026 को बिना किसी को बताए घर से चली गई थी. काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर शांति नगर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था.
इसी बीच 22 जुलाई को क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सूचना मिली कि नाबालिग अपने प्रेमी प्रज्ज्वल मारोती ठोंबरे (21), निवासी भिसी, तहसील चिमूर, जिला चंद्रपुर के साथ है. पुलिस ने दोनों को क्राइम ब्रांच कार्यालय बुलाकर पूछताछ की. नाबालिग की काउंसलिंग के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों को शांति नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया.
दूसरी घटना में 22 जुलाई की शाम बेलतरोड़ी पुलिस के बीट मार्शल चिचभवन क्षेत्र में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें 11 वर्षीय वसंत सूरज धुर्वे अकेला मिला. बच्चा अपने माता-पिता के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था. पुलिस ने विश्वास में लेकर उससे बातचीत की और जांच शुरू की. इसके बाद शंकरपुर-पांजरी मार्ग स्थित लेवरेज सिटी निर्माण परियोजना में मजदूरी कर रहे उसके पिता सूरज बैसाख धुर्वे (45), मूल निवासी भीमा, तहसील हैदर, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) का पता लगाया गया. आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद बच्चे को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया.










