4 सिल्वर और 15 ब्रॉन्ज, कुल संख्या 88 हुई : तीरंदाजी में शीतल देवी का स्वर्ण पर डबल अटैक
नागोज़ा। भारत ने एशियाई पैरा खेलों में गुरुवार को 26 पदक जीते। इनमें 7 स्वर्ण, 4 रजत और 15 कांस्य पदक शामिल हैं। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 88 हो गई। पैरा तीरंदाजी में शीतल देवी और तोमर कुमार की जोड़ी ने कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में स्वर्ण जीता। शीतल ने महिलाओं के कंपाउंड इंडिविजुअल इवेंट में भी सोना अपने नाम किया। उन्होंने महिलाओं के कंपाउंड इंडिविजुअल फाइनल में सिंगापुर की नूर आलिम स्याहिदाह को 142-139 से हराया। एथलेटिक्स में शैलेश कुमार ने पुरुषों की हाई जंप में 1.89 मीटर की छलांग लगाकर गेम्स रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड जीता। दिलीष गाबित ने पुरुषों की 400 मीटर टी47 और अंजनाबेन बुम्बडिया ने महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में सोना जीता। सुवर्णा ने भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
हाई जंप में भारत का क्लीन स्वीप
पैरा एथलेटिक्स की पुरुषों की हाई जंप टी42/टी63 स्पर्धा में भारत ने तीनों मेडल जीतकर पोडियम पर कब्जा जमाया। शैलेश कुमार ने 1.89 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता और नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया। वरुण सिंह भाटी ने 1.84 मीटर की छलांग के साथ सिल्वर और राहुल ने 1.81 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। भारत ने 2022 के बाद लगातार दूसरी बार इस स्पर्धा के तीनों मेडल जीते।
धर्मराज ने लॉन्ग जंप का स्वर्ण अपने नाम किया
पैरा एथलेटिक्स की पुरुषों की लॉन्ग जंप टी44/टी62/टी64 स्पर्धा में सोलैराज धर्मराज ने गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 7.15 मीटर की छलांग लगाकर नया एशियाई रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 2025 में बनाया अपना ही 7.08 मीटर का रिकॉर्ड 7 सेंटीमीटर से बेहतर किया।













