लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। हर वर्ष की तरह देश के अमीरों की संपत्ति में इस बार भी रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी देखने को मिली है। देश के 229 अरबपतियों की कुल संपत्ति पहली बार 1 ट्रिलियन डॉलर (97.5 लाख करोड़) के पार चली गई है। इतना ही नहीं इस बार इस सूची में 26 नए नाम भी जुड़े हैं। ये सभी मिलकर देश की बढ़ती आर्थिक ताकत को दुनिया के सामने मजबूती से रख रहे हैं। फोर्ब्स इंडिया की सामने आई इस लिस्ट में मुकेश अंबानी एक बार फिर शीर्ष पर है। मुकेश अंबानी भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बनकर शीर्ष पर काबिज हो गए हैं। इस लिस्ट में टेक्नोलॉजी, रिटेल, फार्मा और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर ने इस दौलत की रफ्तार को नई ऊंचाई दी है। भारत अब सिर्फ विकासशील नहीं, बल्कि वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं दूसरे स्थान पर गौतम अडानी, तीसरे पर सावित्री जिंदल, चौथे पर लक्ष्मी मित्तल, पांचवें पर शिव नादार, छठे पर सायरस पूनावाला, दिलीप शांघवी, आठवें पर केएम बिड़ला, नौवें पर आर. दमानी और दसवें स्थान पर उदय कोटक है।
फोर्ब्स ने ऐसे बिजनेसमैन की लिस्ट भी तैयार की है जिन्होंने इस साल अपनी नेटवर्थ में अच्छा खासा इजाफा किया है। जिसमें लक्ष्मी मित्तल का नाम सबसे ऊपर है, जिनके शेयर्स में 61.5% की बढ़ोतरी आई है। इसके बाद जॉय अलुक्कात 57.6%, अपना दांगी 57.1%, इंदर जयसिंघनी, रमेश जयसिंघनी, अजय जयसिंघनी 56.3%, गिरधारी जयसिंघनी 53.8%, फाल्गुनी नायर 51.7%, विक्रम लाल एंड फैमिली 48.2% और जॉर्ज एलेक्जेंडर मुथूट 47.4% के शेयर्स में भी इजाफा हुआ है। 2026 में जहां कई भारतीय अरबपतियों की दौलत ने नए रिकॉर्ड बनाए, वहीं कुछ बड़े नाम ऐसे भी रहे जिनकी संपत्ति में भारी गिरावट दर्ज की गई। जिनमें वेदांत फैशन के रवि मोदी, जोहो कॉरपोरेशन के राधा वेम्बू, मैक्रोटेक डेवलपर्स के मंगल प्रभात लोढ़ा, जोहो कॉरपोरेशन के सेकार वेम्बू, पतंजलि आयुर्वेद के आचार्य बालकृष्ण, विप्रो लिमिटेड के अजीम प्रेमजी और इन्फो एज इंडिया के संजीव बिखचंदानी का नाम शामिल है। इनकी कंपनियों में भारी गिरावट इस साल देखी गई है।











