अंतरराज्यीय गिरोह पर पुलिस का शिकंजा
नाशिक के पंचवटी क्षेत्र स्थित समृद्धि ज्वेलर्स में डकैती के प्रयास मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने देसी कट्टा और एयरगन दिखाकर ज्वेलरी दुकान में लूटपाट की कोशिश की थी। हालांकि दुकान संचालिका नैना पगारिया ने साहस का परिचय देते हुए आरोपियों का विरोध किया, जिससे उनकी योजना विफल हो गई। घटना के बाद आरोपी चोरी की बाइक और कार का इस्तेमाल कर पंजाब फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को पंजाब से हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में से एक पूर्व सैनिक बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है। दोनों आरोपियों को नाशिक कोर्ट में पेश कर आगे की जांच की जाएगी। इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।













