लोकवाहिनी, संवाददाता सावनेर। नागपुर जिले के सावनेर क्षेत्र के हत्ती गाँव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नंदाजी बाबा मंदिर परिसर के निकट एक डोह (जलाशय) में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी पर तैरता हुआ मिला। यह घटना लगभग सुबह 6:00 बजे की है। सावनेर के हत्ती गाँव स्थित नंदाजी बाबा मंदिर के पास डोह में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने पर सावनेर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शव सबसे पहले स्थानीय निवासी शुभम डवरे को दिखा। उसने तत्काल सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बनसोड को सूचित किया। बनसोड ने बिना देर किए सावनेर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक उमेश पाटिल को खबर दी। सूचना मिलते ही सावनेर पुलिस की टीम हितेश बनसोड और उनके सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुँची।
ग्रामीणों की मदद से शव को सावधानीपूर्वक डोह से बाहर निकाला गया। शव को प्रारंभिक जांच के लिए सावनेर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान न हो पाने के कारण पोस्टमार्टम हेतु शव को नागपुर के मेडिकल अस्पताल भेजा गया। यह कार्य हितज्योती आधार फाउंडेशन की एम्बुलेंस के माध्यम से संपन्न हुआ।












