नई दिल्ली। भारत का झंडा लगा कच्चा तेल का टैंकर जंग वाले खतरनाक समुद्री इलाके से सुरक्षित बाहर निकल गया है और अब भारत के एक बंदरगाह की ओर बढ़ रहा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए एक राहत भरी खबर आई है। सरकार ने अपने ताजा अपडेट में यह जानकारी दी है।
सूत्रों के मुताबिक, यह टैंकर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैरा पोर्ट के पास के हाई-रिस्क (High-Risk) समुद्री क्षेत्र से सुरक्षित निकल आया है। जहाज में करीब 80,800 टन कच्चा तेल भरा हुआ है, जो यूएई से लिया गया है। यह जहाज रविवार को भारतीय समयानुसार सुबह करीब 10:30 बजे फुजैरा से रवाना हुआ था।
इस समय पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने के कारण समुद्री रास्तों पर काफी असर पड़ा है। खासकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) के आसपास का इलाका बेहद संवेदनशील बना हुआ है। यह समुद्री रास्ता दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है और यहाँ से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुँचाया जाता है।











