नागपुर। कॉन्ट्रैक्टर एंड बिल्डर एसोसिएशन, भारतीय जल संसाधन संस्था (नागपुर) और दैनिक लोकवाहिनी ग्रुप के सहयोग से ‘जल जागरूकता अभियान’ के तहत शुक्रवार को एक भव्य स्कूटर रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को युवाओं, छात्रों और नागरिकों से उत्साहपूर्वक प्रतिसाद मिला।
रैली शुक्रवार सुबह 8:30 बजे अंबाझरी तालाब स्थित स्वामी विवेकानंद मेमोरियल से शुरू हुई। इससे पहले अधीक्षण अभियंता राजेश पाटिल ने उपस्थित लोगों को ‘जल संकल्प’ दिलाया। जल संरक्षण के लिए सभी से अपनी जिम्मेदारी तय करने का आग्रह किया गया। इसके बाद अधीक्षण अभियंता राजेश पाटिल और लोकवाहिनी के समूह संपादक डॉ. प्रवीण महाजन ने रैली को हरी झंडी दिखाई।
रैली में श्री संत नागाजी महाराज माध्यमिक विद्यालय, डोरली (भगीरथ) के एच.एम. (प्रधानाध्यापक) मनोहर चव्हाण व छात्र, नागरिक, संगठन के सदस्य और लोकवाहिनी की मीडिया टीम ने बड़ी संख्या में भाग लिया। भाग लेने वाले युवाओं, छात्रों समेत गणमान्य लोगों ने हेलमेट के साथ सुरक्षा नियमों का पालन किया और जल जागरूकता के नारे लगाए।












