उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में चर्चित गौ रक्षक चन्द्रशेखर फरसा वाले बाबा की मौत के बाद सियासी और सामाजिक माहौल गरमा गया है। घटना के बाद जहां एक ओर विरोध प्रदर्शन हुए, वहीं दूसरी ओर राजनीति भी तेज हो गई है।
अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है।यह घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के पास हुई, जहां कथित रूप से चंद्रशेखर एक वाहन की जांच कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी में इसे गौ तस्करी से जुड़ा मामला बताया गया, लेकिन पुलिस ने इस दावे को खारिज किया है।
डीआईजी शैलेश पांडे के अनुसार, घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे ट्रक ने खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे चंद्रशेखर गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक सड़क दुर्घटना है और इसका गौ तस्करी से कोई संबंध नहीं है।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया और जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पथराव भी हुआ, जिसके चलते पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।
पुलिस ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, मामले की विस्तृत जांच जारी है।इस घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि प्रदेश की राजनीति को भी एक बार फिर गरमा दिया है।
टिकर्स








