यवतमाल जिले के दारव्हा थाना क्षेत्र के ग्राम बोध में 6 साल 8 महीने की मासूम शिवानी पंकज जाधव की अपहरण के बाद निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 को बच्ची के लापता होने के बाद उसके पिता निलेश नथुराम जाधव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और बच्ची की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रखते हुए उनके घरों की तलाशी ली। इसी दौरान कैलास जाधव के घर में तलाशी के दौरान पलंग के नीचे छिपाकर रखा गया बच्ची का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को छिपाने की कोशिश की थी।
इस मामले में पुलिस ने कैलास विलास जाधव (30), माला विलास जाधव (26), सोनी विलास जाधव (32) और रंजना सोनू जाधव (30) को हिरासत में लिया है। इसके अलावा एक विधि संघर्षग्रस्त नाबालिग को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। फिलहाल पुलिस इस जघन्य वारदात के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है और लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।











