तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर
एक गंभीर घायल, मेयो अस्पताल में इलाज जारी
हादसे के बाद बस चालक फरार, पुलिस जांच शुरू
रामटेक:नागपुर जिले के रामटेक तहसील अंतर्गत मनसर-कांद्री तालाब क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनसर निवासी 23 वर्षीय नादिर खान नासीर खान अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से अपने चचेरे भाई अनवार जाफर खान के साथ कांद्री वस्ती की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नागपुर से जबलपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार लाल रंग की बस ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में नादिर खान के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अनवार जाफर खान को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रामटेक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रामटेक के सरकारी अस्पताल में भेजा गया है। वहीं घायल अनवार खान का इलाज नागपुर के मेयो अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।










