लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म हो गया है। केरल की 140, असम की 126 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर वोट डाले गए। विधानसभा चुनाव के लिए शाम 6 बजे तक वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के अनुसार रात 8 बजे तक असम में 85.38 प्रतिशत मतदान हुआ। असम के इतिहास में यह सबसे ज्यादा वोटिंग का आंकड़ा है।
केरल में पिछले 49 सालों में दूसरी सबसे ज्यादा वोटिंग हुई, यहाँ 78.01% वोट डाले गए। 1977 में रिकॉर्ड 79.2% मतदान हुआ था। वहीं पुडुचेरी में 89.81% मतदान हुआ। असम में चुनाव संबंधी हिंसा में करीब 30 लोग घायल हो गए और सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। शिवसागर जिले के पत्थरकांडी में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों की इस झड़प में करीब 25 लोग घायल हो गए, दो की हालत गंभीर है। पुडुचेरी में मन्नडिपट में पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में झड़प हो गई। पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया।
असम में पिछले विधानसभा चुनाव में 82.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस बार दलगाँव में सबसे ज्यादा 94.57 फीसदी मतदान हुआ, जबकि राज्य में सबसे कम मतदान 70.40 फीसदी उमरी में हुआ।










