लोकवाहिनी, संवाददाता,नागपुर। मंगोलिया में 28 मार्च से 11 अप्रैल 2026 तक आयोजित एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए नागपुर की होनहार बेटी अल्फिया पठान ने शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक जीता। कड़ी मेहनत और अथक परिश्रम का यह नागपुर के लिए गौरव का क्षण साबित हुआ। 12 अप्रैल की सुबह 11 बजे नागपुर एयरपोर्ट पर उनका आगमन होते ही राष्ट्रीय रजत पदक विजेता समीक्षा सिंह (U-17 – 7वीं नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप) के नेतृत्व में मानकापुर स्टेडियम के सभी बॉक्सिंग खिलाड़ी, कोच और प्रशंसकों ने फूलों की वर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। अल्फिया की सफलता ने न केवल शहर को गौरवान्वित किया, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए नया प्रेरणा स्रोत भी बनाया। समीक्षा सिंह ने कहा, “अल्फिया ने सिद्ध किया कि मेहनत से स्वप्न साकार होते हैं। यह हम सबकी जीत है।”








