नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत हुई है। इस दौरान दोनों नेताओं ने ईरान जंग पर चर्चा की और इस बात पर जोर दिया कि होर्मुज (Hormuz) खुला रहना चाहिए। रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार, 14 अप्रैल को दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट तक फोन पर बात हुई।
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच शांति-वार्ता रखी गई थी, लेकिन इस हाई-लेवल मीटिंग में कोई रास्ता नहीं निकला। अमेरिका-ईरान के बीच इस बातचीत के बाद अब डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से बात की है। पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हुई बातचीत के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी शेयर की है।
पीएम मोदी ने लिखा, “मेरे मित्र, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग में हुई उल्लेखनीय प्रगति की समीक्षा की।” पीएम मोदी ने आगे बताया, “हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया। पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बातचीत पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोरेस (Sergio Gorres) ने कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध मजबूत आधार पर टिके हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बातचीत की जानकारी देते हुए गोरेस ने बताया कि ट्रंप ने पीएम मोदी से कहा, “मैं बस आपको यह बताना चाहता हूँ कि हम सभी आपसे बहुत प्यार करते हैं।”











