2.18 लाख वोटों से जीतीं, अक्षय कर्डिले ने 1.11 लाख से अधिक वोटों से हराया
नई दिल्ली। देश के 5 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे भी घोषित हुए। महाराष्ट्र के बारामती सीट से एनसीपी उम्मीदवार सुनेत्रा पवार ने 2 लाख 18 हजार वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह अंतर भारत के इतिहास में अब तक का सबसे ज्यादा है। सुनेत्रा पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार की पत्नी हैं, जिनका 28 जनवरी 2026 को विमान हादसे में निधन हो गया था। बारामती अजित पवार की पारंपरिक सीट रही है। यहां से सुनेत्रा की जीत लगभग तय थी। उनके खिलाफ 22 निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में थे। वहीं महाराष्ट्र के राहुरी सीट से भाजपा के अक्षय कर्डिले जीत गए हैं।
भारतीय जनता पार्टी के अक्षय कर्डिले ने 1 लाख 11 हजार 826 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। अक्षय कर्डिले ने शरद पवार गुट के गोविंद मोकाटे को भारी मतों से हराया है। चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 27वें चरण के अंत तक अक्षय करदिले को कुल 1,39,212 वोट मिले। वहीं एनसीपी (राष्ट्रवादी शरद पवार) के गोविंद मोकाटे – 27,386 वोट मिले। भाजपा विधायक शिवाजी कर्डिले के निधन के कारण राहुरी विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हुआ था। इस चुनाव में भाजपा ने दिवंगत शिवाजी कर्डिले के पुत्र अक्षय कर्डिले को उम्मीदवार बनाया था। बारामती में मिली जीत के बाद सुनेत्रा पवार ने जनता का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह जीत लोगों के भरोसे, प्यार और समर्थन का नतीजा है, जिसे ये हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने अजित पवार को याद करते हुए कहा कि यह जीत उनके काम और यादों को समर्पित है। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं व सहयोगी दलों का आभार जताया और भरोसा दिलाया कि ये सभी वर्गों के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे और जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे।
बारामती में कुछ उम्मीदवारों को नोटा से भी कम वोट
महाराष्ट्र के बारामती में छठे राउंड तक काउंटिंग के बीच अभिजीत बिचुकले और करुणा मुंडे को नोटा से भी कम वोट मिले हैं। अभिजीत बिचुकले अक्सर अपने बयानों और गतिविधियों के कारण चर्चा में रहते हैं। उन्हें सिर्फ 65 वोट मिले हैं। वहीं करुणा मुंडे को बिचुकले से केवल 3 वोट ज्यादा मिले, लेकिन ये भी नोटा से आगे नहीं निकल पाईं।








