कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केरल में पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन यूडीएफ की जीत पर सोमवार को राज्य की जनता का आभार जताया और कहा कि नई सरकार प्रदेश के खोये हुए गौरव को बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है। केरल विधानसभा चुनाव में सोमवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ प्रचंड जीत की ओर अग्रसर है और वह करीब 100 सीटों पर आगे चल रहा है अथवा जीत चुका है।
खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, सही मायनों में कल्याण और वास्तविक आर्थिक सशक्तीकरण अब केरल में शुरू होता है। कांग्रेस की ओर से, मैं कांग्रेस पार्टी और यूडीएफ पर भरोसा रखने के लिए केरल के प्रत्येक मतदाता का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। मैं प्रत्येक नेता, कार्यकर्ता और हमारे यूडीएफ सहयोगियों को भी धन्यवाद देता हूं जिनकी अथक मेहनत और समर्पण ने लोगों का जनादेश हासिल किया है। उनका कहना था, “हम केरल और यूडीएफ के जन-केंद्रित शासन मॉडल की मदद से खोए हुए गौरव को बहाल करने के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध हैं।”








