असम में हिमंता का दम, तमिलनाडु में टीवीके का धमाकेदार आगाज : केरलम में यूडीएफ
नई दिल्ली। सोमवार को पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित हुए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में पहली बार जीत हासिल की और असम में एक बार फिर हिमंता सरकार की वापसी हो गई है।
वहीं, अभिनेता-नेता विजय की TVK ने तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में शानदार शुरुआत कर धमाकेदार प्रदर्शन किया है। तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर दिखाई दिया। 2 साल पहले बनी विजय की पार्टी नंबर वन हो गई है। TVK ने 107 सीटों पर जीत दर्ज की है। इधर, तमिलनाडु के मौजूदा सीएम एम.के. स्टालिन कोलाथुर सीट से चुनाव हार गए। उन्हें TVK के जी.एस. बाबू ने 8000 से ज्यादा वोटों से हराया है।
केरल में कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) ने LDF पर बढ़त बनाई। UDF ने 140 विधानसभा सीटों में से 102 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि माकपा नेतृत्व वाला सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) ने 35 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं भाजपा ने राज्य में पहली बार 3 सीटों पर कब्जा जमाया।
उधर पुडुचेरी में NDA ने एक बार फिर जीत दर्ज कर ली है। पुडुचेरी में NDA को 18, कांग्रेस को 6, TVK को 3 और अन्य को 3 सीटों पर जीत हासिल हुई। विधानसभा चुनाव 2026 में सबकी नजर पश्चिम बंगाल पर रही, जहाँ ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी का लंबे समय से दबदबा रहा है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा ने 294 में से 293 के नतीजे घोषित होने तक 208 सीटों पर जीत हासिल की, जो 147 के जादुई आंकड़े से काफी अधिक है।








