लोकवाहिनी, संवाददाता:गोंदिया। कभी उड़ानों की आवाज से गुलजार रहने वाला बिरसी एयरपोर्ट इन दिनों सुनसान नजर आ रहा है। आम नागरिकों को हवाई यात्रा की सुविधा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह एयरपोर्ट अब ‘शोपीस’ बनकर रह गया है। यात्रियों की कमी के चलते प्रमुख विमान कंपनियों ने अपनी सेवाएं बंद कर दी हैं, जिससे क्षेत्र में निराशा का माहौल है। इंडिगो और स्टार एयर ने गोंदिया से अपनी सेवाएं पूरी तरह स्थगित कर दी हैं। इंडिगो की गोंदिया-हैदराबाद-तिरुपति उड़ान सेवा 1 मई 2026 से बंद कर दी गई। यात्रियों का अपेक्षित प्रतिसाद न मिलने के कारण कंपनी ने अपना संचालन गुजरात के जामनगर की ओर स्थानांतरित कर दिया। वहीं, स्टार एयर ने 26 अप्रैल से गोंदिया-इंदौर-मुंबई तथा बेंगलुरु मार्ग की उड़ानें रोक दी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि छुट्टियों के दौरान कंपनियां लाभकारी मार्गों को प्राथमिकता देती हैं, जिससे छोटे शहरों की उपेक्षा होती है।
गोंदिया की हवाई सेवाओं का इतिहास भी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उड़ान योजना के तहत फ्लाई बिग ने 13 मार्च 2022 को यहाँ सेवा शुरू की थी, लेकिन तकनीकी दिक्कतों और नाइट लैंडिंग सुविधा के अभाव के चलते 21 अगस्त 2023 को इसे बंद करना पड़ा। वर्तमान में एयरपोर्ट पर आधुनिक सुविधाएं होने के बावजूद यात्रियों की संख्या केवल 35 से 40 प्रतिशत तक सीमित रही है। उड़ान सेवा शुरू होने के समय श्रेय लेने वाले जनप्रतिनिधि अब इस मुद्दे पर खामोश नजर आ रहे हैं। मुंबई, पुणे और दिल्ली जैसे शहरों से सीधी कनेक्टिविटी के वादे किए गए थे, लेकिन वे अब तक साकार नहीं हो पाए हैं।
सामान्य यात्रियों की पहुंच से दूर हवाई सेवा
फिलहाल आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा का विकल्प लगभग बंद हो गया है। केवल चार्टर्ड विमान या हेलीकॉप्टर का विकल्प बचा है, जो अत्यधिक महंगा होने के कारण आम लोगों की पहुंच से बाहर है।
सेवा अस्थायी रूप से बंद
विमानतल प्राधिकरण के प्रमुख प्रजापति के अनुसार, “यात्रियों का प्रतिसाद कम मिलने के कारण कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ रहा था, इसलिए सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित की गई हैं।” फिलहाल बिरसी एयरपोर्ट का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है।








