चंद्रनाथ हत्याकांड : 3 लोग को हिरासत में
लोकवाहिनी, संवाददाता:कोलकाता। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि उनके पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की हत्या इसलिए हुई क्योंकि उन्होंने ममता को हराया है। सुवेंदु ने पीए की हत्या को प्लान्ड मर्डर बताया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि भाजपा बंगाल में गुंडों की सफाई का काम शुरू करेगी। सुवेंदु ने कहा- इस हत्या को जिस तरह से अंजाम दिया गया, उसकी जितनी भी निंदा करें वह कम है। हत्या की वजह भवानीपुर से ममता की हार हो सकती है। उधर चंद्रनाथ की मां ने कहा कि इस हार का बदला मेरे बेटे की हत्या कर लिया गया।
कुछ नेताओं ने पहले धमकी दी थी कि 4 तारीख के बाद कोई बचा नहीं पाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि रथ को चार गोलियां लगी थीं। पुलिस जांच में पता चला है कि हमलावरों ने रथ की गाड़ी का सात किमी तक पीछा किया था। इस मामले में पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं पुलिस ने दावा किया कि हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक मिल गई है। चंद्रनाथ की हत्या बुधवार देर रात 10.30 बजे की गई थी। वे कोलकाता से मध्यमग्राम अपने घर लौट रहे थे। कोलकाता से करीब 20 किमी दूर डोलतला में एक कार रथ की स्कॉर्पियो के सामने खड़ी हो गई। इसी बीच बाइक पर आए हमलावरों ने 6 से 10 राउंड फायरिंग की। दो गोलियां चंद्रनाथ के सीने से आर-पार हो गई।
टीएमसी ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की
टीएमसी ने सुवेंदु के पीए की हत्या के पीछे अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने के आरोपों का खंडन करते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। पार्टी ने स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा- हम मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या की निंदा करते हैं। हम इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जाए। अन्य भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी जांच कराई जाए।
बंगाल में नहीं थम रही हिंसा: हावड़ा में टीएमसी-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, एक घायल
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य के कई इलाकों में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें आ रही हैं। गुरुवार को हावड़ा के शिवपुर स्थित चौरा बस्ती इलाके में कथित तौर पर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। नतीजे आने के बाद से ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में खूनी खेल शुरू हो गया है। चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद शांति बहाल होने के बजाय हिंसा और राजनीतिक टकराव की खबरें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। उत्तर 24 परगना जिले का पानीहाटी इलाका उस वक्त दहल उठा जब वहां भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर बम फेंके गए। एक तरफ जहां लोग जीत का जश्न मना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ हिंसा की इन घटनाओं ने आम आदमी के मन में डर पैदा कर दिया है।








