लोकवाहिनी संवाददाता:अमरावती। विधान परिषद सदस्य बनने के बाद पहली बार जनता के बीच पहुंचे बच्चू कडू ने ऐसा बयान दिया, जिसने महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। एकनाथ शिंदे को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने की बात कहकर बच्चू कडू ने महायुति की अंदरूनी राजनीति को लेकर अटकलें तेज कर दीं। बयान पर उठे विवाद के बाद अब उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि एक शिवसैनिक होने के नाते शिंदे को मुख्यमंत्री के रूप में देखना उनका सपना है।
गुरुवार को अमरावती जिले के कुराल् पूर्णा स्थित अपने निवास पर बच्चू कडू ने ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर समाधान कराने का आश्वासन दिया। विशेष रूप से किसानों ने फसल बीमा से जुड़ी शिकायतें उनके सामने रखीं।
मीडिया से बातचीत में बच्चू कडू ने कहा कि जैसे भाजपा कार्यकर्ता देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाए रखने की इच्छा रखते हैं, वैसे ही शिवसेना कार्यकर्ता एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल अपने विस्तार और हित के बारे में सोचता है। ‘हम महायुति सरकार का हिस्सा जरूर हैं, लेकिन स्वाभाविक है कि हम भी चाहते हैं कि हमारे दल के अधिक विधायक चुनकर आएं,’ उन्होंने कहा।
बच्चू कडू ने स्पष्ट किया कि उनका बयान तत्काल नेतृत्व परिवर्तन की मांग नहीं था। उन्होंने कहा कि उनका आशय यह नहीं था कि देवेंद्र फडणवीस को तुरंत मुख्यमंत्री पद छोड़ देना चाहिए। यह आने वाले समय की राजनीति से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा, जो बात मेरे मन में थी, वही मैंने खुलकर कह दी।








