लोकवाहिनी, संवाददाता:चेन्नई। तमिलगा वेट्री कझगम प्रमुख थलापति विजय तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दे दिया है। कल यानी शनिवार को विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विजय ने शुक्रवार को राजभवन में लगातार तीसरे दिन राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने राज्यपाल को टीवीके, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई(एम) और वीसीके के कुल 118 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 234 में से 108 सीटें जीती हैं। इनमें दो सीटों पर विजय जीते हैं। उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी। ऐसे में कुल विधायक 107 हैं। कांग्रेस के 5 और सीपीआई, सीपीआई(एम), वीसीके के 2-2 विधायकों के समर्थन से टीवीके ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है।
इससे पहले विजय ने 6 और 7 मई को भी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। लेकिन राज्यपाल ने कहा कि 118 विधायकों का समर्थन दिखाए बिना वे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं कर सकते। तमिलनाडु में द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल दोनों वामपंथी दलों- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने कहा कि यह (समर्थन देने का) निर्णय भाजपा को राज्य में ‘पिछले दरवाजे से प्रवेश’ करने से रोकने के लिए लिया गया है।








