अमरावती के धातखेड़ा तालाब में हादसा, पिकनिक मनाने गये थे
लोकवाहिनी, संवाददाता | अमरावती। अमरावती जिले के धातखेड़ा तालाब में डूबने से भाई-बहन समेत चार बच्चों की मौत हो गई। रील बनाने और तैरने के जुनून में चार बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब चारों घूमने के लिए घर से निकले थे और नहाने के लिए एक तालाब में गए थे। अमरावती जिले के धातखेड़ा तालाब पर हुए दुर्घटना क्षेत्र मातम फैल गया। जानकारी के अनुसार, खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र के करीब 8 से 9 बच्चे रविवार की छुट्टी का आनंद लेने के लिए शहर से 10 किलोमीटर दूर धातखेड़ा तालाब पर पिकनिक के लिए गए थे। दोपहर का भोजन करने के बाद, उत्साह के अतिरेक में कुछ बच्चे रील बनाने और तैरने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी का अंदाजा न होने के कारण डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में एक युवती और दो अन्य बच्चे भी एक-एक कर गहरे पानी में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही फ्रेजरपुरा थाना प्रभारी रोशन शिरसाठ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी कार्यालय के आपदा प्रबंधन दल ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और चारों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। चारों अमरावती के खोलापुरी गेट पुलिस थाना क्षेत्र के निवासी थे। मृतकों की पहचान सोनाली नरेंद्र जोशी (उम्र करीब 16 वर्ष), आदित्य नरेंद्र जोशी (उम्र करीब 12 वर्ष), पायल बबलू पंडित (उम्र करीब 21 वर्ष) और यश गजानन काकणे (उम्र करीब 13 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









