तिरुवनंतपुरम का रिजल्ट सबसे बेस्ट, केंद्रीय विद्यालय के छात्र पूरे देश में टॉप पर
लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इस साल कक्षा 12वीं में 85.20 फीसदी स्टूडेंट्स पास हुए हैं। बात करें पूरे देश में सबसे बेस्ट रीजन की, तो तिरुवनंतपुरम का रिजल्ट सबसे बेस्ट रहा है। तिरुवनंतपुरम में 95.62% छात्रों ने सफलता हासिल की है। इसके अलावा, पूरे देश में केंद्रीय विद्यालय (केवी) और जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है।
केंद्रीय विद्यालयों का पासिंग प्रतिशत 98.55 फीसदी और जवाहर नवोदय विद्यालयों का 98.47 फीसदी रहा। इस साल परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट- cbse.gov.in पर जाकर ऑनलाइन अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, वे DigiLocker और UMANG App पर जाकर भी अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं। इस वर्ष कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की गई थीं। परीक्षा के बाद बोर्ड ने डिजिटल सिस्टम के जरिए कापियों का मूल्यांकन कराया, जिससे इस बार का रिजल्ट पारदर्शी और जल्दी आया। वहीं लड़कियों का रिजल्ट 88.86 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों के पास होने का प्रतिशत 82.23 प्रतिशत रहा। यानी लड़कियों का रिजल्ट लड़कों की तुलना में 6.73 प्रतिशत अधिक रहा। वहीं, ट्रांसजेंडर समूह के विद्यार्थियों के पास होने का प्रतिशत 100 रहा।
15 जुलाई को होगी सप्लीमेंट्री परीक्षा
सीबीएसई ने सप्लीमेंट्री परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी है। कक्षा 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 15 जुलाई 2026 को एक ही दिन आयोजित की जाएगी। इसमें वे छात्र शामिल हो सकेंगे जो एक विषय में अपने अंक सुधारना चाहते हैं या कंपार्टमेंट श्रेणी में आए हैं। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि 2025 के कंपार्टमेंट छात्रों के लिए यह अंतिम अवसर होगा, क्योंकि नियमों के अनुसार छात्रों को कंपार्टमेंट क्लियर करने के लिए कुल तीन मौके दिए जाते हैं। (पेज 6 पर)












