लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। महाराष्ट्र पुलिस महानिदेशक कार्यालय की ओर से नागपुर शहर पुलिस आयुक्तालय को गुणात्मक अन्वेषण के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ प्रयास’ सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान नागपुर क्राइम ब्रांच यूनिट क्रमांक-1 की उत्कृष्ट जांच और कार्रवाई के लिए प्रदान किया गया। दरअसल, नागपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित राजनगर में हुई करीब तीन करोड़ रुपये की बड़ी चोरी के मामले में क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने बेहद सूझबूझ और तकनीकी जांच के आधार पर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का माल भी बरामद किया था।
इस गंभीर अपराध का पर्दाफाश करने में यूनिट-1 के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अथक मेहनत की थी। उनकी इसी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और गुणवत्तापूर्ण जांच को देखते हुए महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते तथा अपराध अन्वेषण विभाग, पुणे द्वारा उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया।
15 मई 2026 को मुंबई स्थित पुलिस महानिदेशक कार्यालय में आयोजित शासकीय कार्यक्रम में नागपुर क्राइम ब्रांच यूनिट-1 के पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर भेदोडकर, सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन भोंडे, राजाभाऊ जाधव और पुलिस हवलदार रवि अहेर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर नागपुर शहर पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्रकुमार सिंघल ने सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि इस सफलता से पूरे महाराष्ट्र में नागपुर पुलिस आयुक्तालय का गौरव बढ़ा है।












