नागपुर अपराध शाखा यूनिट क्रमांक ५ की टीम ने गोंदिया जिले में हुई घरफोड़़ी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोंदिया शहर थाना क्षेत्र में घरफोड़़ी की घटना को अंजाम देने वाला आरोपी नागपुर आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कामठी के कामगार नगर क्षेत्र में आमना मस्जिद के पास जाल बिछाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शेख जाफर शेख मुजफ्फर नामक आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी की उम्र लगभग ४५ वर्ष बताई जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने गोंदिया शहर के सिविल लाइन इलाके में बीएसएनएल कार्यालय के पास स्थित घर में चोरी और घरफोड़़ी करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह वारदात १५ मई की रात से १६ मई की सुबह के बीच हुई थी। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए गोंदिया शहर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी अन्य अपराध में भी शामिल था या नहीं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त राहुल माकणीकर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपराध शाखा यूनिट क्रमांक ५ की टीम ने की।










