पूरी कैबिनेट के साथ शपथ ली; राहुल-प्रियंका रहे मौजूद
लोकवाहिनी, संवाददाता:तिरुवनंतपुरम। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को एक दशक बाद केरल में सत्ता में वापस लाने वाले और वाम मोर्चे को पूरी तरह से ध्वस्त करने वाले वी.डी. सतीशन ने सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके मंत्रिमंडल के 20 सदस्यों ने भी शपथ ली जिनमें रमेश चेन्निथला भी शामिल थे। केरल में चेन्निथला मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने एक भव्य समारोह में चेन्निथला समेत मंत्रिमंडल के सदस्यों को पद की शपथ दिलाई।
संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के दूसरे सबसे बड़े घटक दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) सहित गठबंधन के अन्य दलों को भी मंत्रिमंडल में स्थान दिया गया है। सतीशन ने हजारों समर्थकों के भारी समर्थन और नारों के बीच ईश्वर के नाम पर शपथ ली। नए मंत्रिमंडल में सतीशन के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता चेन्निथला, के. मुरलीधरन, ए.पी. अनिल कुमार और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख सनी जोसेफ शामिल हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य लोग शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे। आईयूएमएल के वरिष्ठ नेता पी.के. कुन्हालीकुट्टी, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) नेता शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस के मॉन्स जोसेफ, केरल कांग्रेस (जैकब) नेता अनूप जैकब और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी (सीएमपी) नेता सी.पी. जॉन ने भी शपथ ली। मंत्रिमंडल में 14 नए चेहरे हैं, जिनमें मुख्यमंत्री सतीशन भी शामिल हैं। वह 2001 से परवूर से निर्वाचित हो रहे हैं और पहली बार सरकार में पद संभाल रहे हैं। उनके मंत्रिमंडल में दो महिलाएं भी शामिल हैं – कोल्लम की विधायक बिंदू कृष्णा और कोंगड की विधायक के.ए. तुलसी। तुलसी अनुसूचित जाति समुदाय से सदस्य हैं। मंत्रिमंडल में अनुसूचित जाति समुदाय के दूसरे सदस्य ए.पी. अनिल कुमार हैं।












