46 डिग्री के पार पहुंचा पारा, टूट रहे सारे रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत में भीषण गर्मी पड़ी, जिसके चलते देश वैश्विक तापमान चार्ट में शीर्ष पर रहा। देश के अधिकांश हिस्सों में इस समय गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों में स्थिति और भी खराब है। गर्मी का अंदाजा आप इससे लगा सकते हैं कि शुक्रवार दोपहर को दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से 97 भारत के शहर शामिल थे। देश के उत्तरी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में तेज गर्मी के कारण दोपहर तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा हो गया था।
AQI.in के अनुसार, दोपहर 2:50 बजे तक दुनिया के टॉप-100 सबसे गर्म शहरों की लिस्ट में ज्यादातर भारतीय शहर थे, जिसमें ओडिशा का बलांगीर 48°C के साथ सबसे गर्म जगह रहा। इसके बाद बिहार का सासाराम 48°C और उत्तर प्रदेश का वाराणसी 47°C पर था। कई शहरों में ह्यूमिडिटी का लेवल 6 से 8 प्रतिशत के बीच रहा, जिससे हालात ‘बहुत ज्यादा गर्म’ कैटेगरी में आ गए। दुनिया के टॉप-100 गर्म शहरों की लिस्ट भारत के अलावा सिर्फ नेपाल के तीन शहर अलग थे- जिसमें धनगढ़ी, जो 23वें नंबर पर था, नेपालगंज 34वें नंबर पर और लुंबिनी सांस्कृतिक 76वें नंबर पर, जहां तापमान 45°C और 46°C के बीच था।
साइड बॉक्स: विदर्भ में लू का प्रकोप जारी
विदर्भ में लू का प्रकोप जारी है। शुक्रवार को विदर्भ के अन्य हिस्सों की तरह नागपुर शहर भी इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। पारा लगातार 45.7 डिग्री सेल्सियस किया गया। वहीं विदर्भ में शुक्रवार को ब्रह्मपुरी 47.2 डिग्री सेल्सियस के साथ टॉप पर रहा, तो वर्धा का तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं चंद्रपुर 46.4, गढ़चिरोली 46.0, अकोला 44.2, अमरावती 44.4, गोंदिया 44.9, वॉशिम 42.6, भंडारा 42, यवतमाल 45.4 और बुलढाणा 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे विदर्भ क्षेत्र के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। जहां पड़ोस के जिलों जैसे वर्धा, अकोला और अमरावती में स्थिति अधिक गंभीर होने के कारण ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, वहीं नागपुर के लिए येलो अलर्ट जारी है। क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों तक विदर्भ के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहने की संभावना है, जिससे तापमान में बहुत अधिक गिरावट नहीं आएगी।













