शिवसेना ने नागरिकों को चॉकलेट बांट किया सरकार का विरोध
लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। देश में बढ़ते ईंधन के दाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरे को लेकर शिवसेना (उबाठा) ने मेलोडी आंदोलन किया। शहर के वैरायटी चौक पर आयोजित इस आंदोलन में शिवसेना नेताओं ने नागरिकों को मेलोडी चॉकलेट बांटी और मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। खाड़ी देशों में शुरू युद्ध के कारण देश में ईंधन का संकट बना हुआ है। कच्चे तेल के बढ़ते दामों के बीच देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में चार रुपये की बढ़ोतरी की है।
देश में ईंधन के बढ़े दामों सहित एलपीजी सिलेंडर को लेकर विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है और सरकार की नीतियों की आलोचना कर रहा है। इसी के मद्देनजर शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे ने वैरायटी चौक पर मेलोडी आंदोलन किया। शिवसेना के नेता और कार्यकर्ता काली पट्टी और मेलोडी चॉकलेट लेकर पहुंचे और आंदोलन किया। इस दौरान शिवसेना नेताओं ने मोदी सरकार पर देश को आर्थिक संकट में डालने का आरोप लगाया। यही नहीं शिवसेना नेताओं ने नागरिकों को मेलोडी चॉकलेट भी बांटें।













