एटीएम से 20 हजार रु. निकालने पर डांट से नाराज था आरोपी, पुलिस ने कुछ घंटों में दबोचा
लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। पांचपावली थाना क्षेत्र के लश्करीबाग इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक नाती ने अपनी ही बुजुर्ग नानी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की वजह केवल इतनी थी कि नानी को उसके द्वारा चोरी-छुपे एटीएम से 20 हजार रुपये निकालने की जानकारी मिल गई थी और वह लगातार उसे फटकार लगा रही थी। मृतका 68 वर्षीय इंदु किशोर चौहान है, जबकि आरोपी उसका 30 वर्षीय नाती राज प्रमोद बागड़े है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी राज नशे का आदी है। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि मां ने दूसरा विवाह कर लिया था। वह अपने मामा विशाल चौहान उर्फ गुड्डू के यहां रह रहा था। मामा ने उसे कपड़े की दुकान भी खुलवाकर दी थी, लेकिन नशे की लत के कारण वह काम नहीं संभाल सका। राज अपनी नानी इंदु को बड़ी नानी कहकर पुकारता था और अक्सर उनके घर आया-जाया करता था। इंदु भी उस पर भरोसा करती थीं। करीब चार-पांच दिन पहले राज ने इंदु के घर से उनका एटीएम कार्ड चोरी कर लिया और बिना बताए 20 हजार रुपये निकाल लिए। जब इंदु को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने राज को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद वह लगातार उसे कोसती रहती थीं।
बताया जा रहा है कि बुधवार, 20 मई की रात राज नशे की हालत में इंदु के घर पहुंचा। उस समय भी इंदु ने उसे चोरी को लेकर खरी-खोटी सुनाई। इससे गुस्साए राज ने पहले बहस की और फिर ऊपर मंजिल पर जाकर धारदार चाकू उठा लाया जिसे करीब 5 महीने पहले उसने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से खरीदा था। उसने इंदु के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना घातक था कि इंदु की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए कमरे में फैला खून साफ किया और वारदात में इस्तेमाल सामान छिपाने का प्रयास किया। इसके बाद उसने कमरे को बाहर से बंद किया, अपने घर जाकर नहाया, कपड़े बदले और आराम से सो गया। अगले दिन वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। मामा द्वारा फोन करने पर उसने यवतमाल जाने की बात कही और मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। गुरुवार को इंदु के कमरे से कोई हलचल नहीं हुई। पति किशोर चौहान ने भी इस ओर ज्यादा ध्यान नहीं दिया क्योंकि दोनों एक ही घर में रहते हुए भी अलग-अलग मंजिलों पर रहते थे और बातचीत नहीं होती थी। शुक्रवार सुबह पानी की टंकी ओवरफ्लो होने पर किशोर ऊपर पहुंचे। वहां से बदबू आने पर उन्हें शक हुआ। कमरे पर बाहर से ताला लगा था। पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा खुलवाने पर अंदर इंदु का खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
डॉग स्क्वॉड ने पहुंचाया आरोपी तक
घटनास्थल से पुलिस को चाकू का कवर और अन्य अहम सुराग मिले। डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई। डॉग सीधे पीछे वाली गली तक पहुंचा, जिससे पुलिस को शक हुआ कि आरोपी कोई परिचित ही है। जांच के दौरान राज पर शक गहराया और पता चला कि वह कलमेश्वर में रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पांचपावली पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।













