सड़क हादसे में घायल युवकों को खुद अस्पताल पहुंचाया
तत्परता से बची घायलों की जान, शहरभर में हो रही सराहना
संजय शिरसाट ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल युवकों की मदद कर एक मिसाल पेश की। छत्रपति संभाजीनगर शहर के गांधेली परिसर से गुजरते समय पालकमंत्री संजय शिरसाट के सामने ही एक मोटरसाइकिल दुर्घटना हुई, जिसमें बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना होते ही पालकमंत्री ने अपना काफिला तुरंत रुकवाया और स्वयं मौके पर पहुंचकर घायल युवकों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अपनी गाड़ी में बैठाया और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कुछ समय तक लोग घबराए हुए थे, लेकिन पालकमंत्री की तत्परता से राहत कार्य तेजी से शुरू हो सका। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर घायलों के समुचित इलाज के निर्देश भी दिए।
पालकमंत्री संजय शिरसाट की इस संवेदनशील पहल की शहरभर में सराहना हो रही है। नागरिकों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का ऐसा मानवीय व्यवहार समाज के लिए प्रेरणादायी है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लोगों ने उनकी प्रशंसा करते हुए इसे “जनसेवा का वास्तविक उदाहरण” बताया है।










