नागपुर के हिंगणा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति के बैंक खाते से 51 हजार 900 रुपये अवैध रूप से निकाल लिए गए। पीड़ित अजय सहारे ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अजय सहारे के मोबाइल फोन में किसी संदिग्ध एप्लिकेशन या मालवेयर के सक्रिय होने के कारण यह वित्तीय धोखाधड़ी हुई होने की आशंका है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मोबाइल फोन का उपयोग उनके परिवार के अन्य सदस्य भी करते थे और उस पर विभिन्न गेम तथा एप्लिकेशन डाउनलोड किए जाते थे। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इन्हीं में से किसी एप या गेम के माध्यम से मालवेयर मोबाइल में प्रवेश कर गया, जिसके बाद बैंक खाते की जानकारी का दुरुपयोग किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और साइबर सेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित राशि को सुरक्षित रखने और आगे के लेनदेन पर रोक लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते शिकायत दर्ज होने से रकम की रिकवरी की संभावना बढ़ जाती है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय स्रोतों से ही एप्लिकेशन डाउनलोड करें और किसी भी संदिग्ध लिंक, संदेश या फाइल पर क्लिक करने से बचें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन, साइबर सेल या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।













