केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात, अनेक परियोजनाओं को मिला सकारात्मक समर्थन
विदर्भ के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का दावा
नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि हाल ही में उनके दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने दस से अधिक केंद्रीय मंत्रियों तथा विभिन्न राष्ट्रीय आयोगों के अध्यक्षों से मुलाकात कर चंद्रपुर जिले और विदर्भ क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से चंद्रपुर स्थित सैनिक स्कूल के विस्तार को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई, जबकि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित विषयों पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से चर्चा की गई।
मुनगंटीवार ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ चंद्रपुर रिंग रोड परियोजना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्षों से भी विभिन्न सामाजिक और विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने दावा किया कि सभी स्तरों पर उनकी मांगों को सकारात्मक समर्थन मिला है।
दिल्ली दौरे को लेकर हो रही राजनीतिक चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल जनता के प्रश्नों और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केवल चंद्रपुर ही नहीं, बल्कि पूरे विदर्भ क्षेत्र के मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठा रहे हैं। धान खरीदी, उर्वरक वितरण और किसानों से जुड़े अन्य विषयों पर भी संबंधित मंत्रियों से चर्चा की गई है।
कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए मुनगंटीवार ने कहा कि केवल विरोध की राजनीति से किसी दल का विकास संभव नहीं है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकास और जनहित के मुद्दों पर केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से क्षेत्र को लाभ मिलेगा।










