मीटिंग में 4 सांसद लाइव और 5 ऑनलाइन हुए शामिल
लोकवाहिनी, संवाददाता:मुंबई। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना में उथल-पुथल मची हुई है। राज्य में कथित ऑपरेशन टाइगर को लेकर बवाल मचा हुआ है। अटकलें हैं कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना के कुछ सांसद शिंदे गुट के संपर्क में हैं। इसी बीच संभावित टूट की चर्चाओं के बीच उद्धव ठाकरे ने रविवार को मातोश्री में अपने नौ लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई। हालांकि इस बैठक में 9 में से केवल चार सांसद ही शारीरिक रूप से मौजूद रहे, जबकि बाकी पांच सांसदों के ऑनलाइन जुड़ने का दावा शिवसेना (यूबीटी) की ओर से किया गया। दूसरी तरफ, शिंदे गुट के नेता लगातार संकेत दे रहे हैं कि कई लोग उनके संपर्क में हैं और फैसला केवल इस बात का होना बाकी है कि उन्हें पार्टी में कब शामिल कराया जाए?
मातोश्री में हुई बैठक में दक्षिण मुंबई से सांसद अरविंद सावंत, दक्षिण मध्य मुंबई से सांसद अनिल देसाई, मुंबई उत्तर-पूर्व से सांसद संजय दीना पाटिल और नासिक से सांसद राजाभाऊ वाजे मौजूद रहे। बैठक में राज्यसभा सांसद संजय राउत और आदित्य ठाकरे भी शामिल हुए। बैठक के बाद संजय राउत ने दावा किया कि पांच सांसद ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े थे। उन्होंने कहा कि जो सांसद व्यक्तिगत कारणों से नहीं आ सके, उनसे वर्चुअल माध्यम से चर्चा हुई। संजय राउत ने कहा कि आज मातोश्री में आयोजित सांसदों की बैठक में पार्टी के सभी 9 सांसद शामिल हुए। इनमें से 4 सांसद मातोश्री में शारीरिक रूप से मौजूद रहे, जबकि 5 सांसद ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े। संजय राउत ने बताया कि उस्मानाबाद के सांसद ओम राजे निंबालकर के बेटे की तबीयत खराब है और वह पुणे के अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए निंबालकर ऑनलाइन शामिल हुए।












