यूएस और ईरान के बीच शांति समझौता पूरा हो चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसका ऐलान किया। इसके साथ ही होर्मुज के खुलने का भी रास्ता साफ हो गया है। ट्रंप ने कहा कि होर्मुज से अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को फौरन हटा लिया जाएगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर पोस्ट कर लिखा, ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो गया है। उन्होंने इसमें शामिल सभी पक्षों को बधाई दी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा, ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो गया है। सभी को बधाई! मैं होर्मुज स्ट्रेट को बिना किसी टैक्स के पूरी तरह से खोलने की परमिशन देता हूं और साथ ही साथ यूएस की नौसैनिक नाकाबंदी को तत्काल हटाने की भी अनुमति देता हूं। दुनिया के सभी जहाज अपने इंजन चालू करें। तेल की सप्लाई शुरू होने दें। बातचीत की मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।
ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और इटली के नेताओं ने एक संयुक्त बयान में कहा है कि वे अमेरिका, ईरान और क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर इस मौके का सदुपयोग करने के लिए काम करेंगे। ई4 समूह ने कहा, हम इस कूटनीतिक सफलता के लिए अमेरिका, ईरानी सरकार और इसमें शामिल सभी पक्षों, जिनमें पाकिस्तान, कतर और अन्य सभी मध्यस्थ शामिल हैं, को बधाई देते हैं। इस समझौते के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक्स पर लिखा, लंबी बातचीत के बाद, हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता हो गया है। दोनों पक्षों ने लेबनान सहित सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई को तुरंत और स्थायी रूप से रोकने की घोषणा की है।












