गुरुग्राम। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में पांच युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार ब्लैक थार कार (UP 81 CS 2319) निकास संख्या 9 के पास डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मलबा 100 मीटर तक बिखर गया।
क्लब से लौटते वक्त हुआ हादसा
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी युवक-युवतियां गुरुग्राम सेक्टर-29 स्थित इबोला क्लब में पार्टी कर रहे थे। देर रात मौज-मस्ती के बाद वे दिल्ली लौट रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग हादसे की वजह बनी। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे झाड़सा फ्लाईओवर के पास हुआ।
मृतकों की पहचान
हादसे में जिनकी मौत हुई, उनमें शामिल हैं –
- प्रतिष्ठा मिश्रा (25) – रायबरेली के जज चंद्रमणि की बेटी, लॉयड लॉ कॉलेज की छात्रा
- लावण्या गौतम (26) – आईटीबीपी इंस्पेक्टर की बेटी, लॉ कॉलेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा
- आदित्य प्रताप सिंह (30) – नोएडा की प्राइवेट कंपनी में कार्यरत, पिता आगरा दीवानी में स्टेनो
- गौतम (31) – इंजीनियरिंग ग्रेजुएट, सैमसंग कंपनी में कार्यरत
- सोनी (25) – गाजियाबाद के एक इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा
गंभीर रूप से घायल कपिल शर्मा (27) बुलंदशहर का रहने वाला है, जिसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं। उसे मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
कानून और कॉर्पोरेट से जुड़े थे सभी
पुलिस के मुताबिक मृतकों में प्रतिष्ठा और लावण्या लॉ की पढ़ाई कर रही थीं। आदित्य, गौतम और कपिल विज्ञापन और कॉर्पोरेट जगत से जुड़े थे। सभी दोस्त नोएडा में रहते और काम करते थे।
थार अलीगढ़ में पंजीकृत
पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त थार अलीगढ़ निवासी विष्णु कुमार के नाम पर पंजीकृत है। हादसे की जानकारी मिलते ही सेक्टर-40 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों व मृतकों को अस्पताल भेजा।
पुलिस जांच जारी
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सभी मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में अत्यधिक गति और नशे में ड्राइविंग हादसे की अहम वजह मानी जा रही है।











