नागपुर। शहर पुलिस आयुक्तालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन थंडर अभियान के तहत भांडेवाड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी पाउडर रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 22 जून को भांडेवाड़ी पुलिस थाने के जांच दल द्वारा मादक पदार्थ विरोधी सप्ताह अभियान के अंतर्गत गश्त पर था इसी दौरान मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने बिड़गांव-तरोड़ी रोड स्थित सारस बार एंड रेस्टोरेंट के पास एक संदिग्ध मारुति सुजुकी वैगनआर कार (एमएच-49 बीजेड-2830) को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान कार चालक की पहचान संदीप गुलाबराव हारोडे (36), निवासी धनलक्ष्मी सोसायटी, विनोबा भावे नगर, भांडेवाड़ी के रूप में हुई। एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हुए की गई तलाशी में उसके कब्जे से 4.89 ग्राम एमडी पाउडर बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 120 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एमडी पाउडर तथा वैगनआर कार सहित कुल 5 लाख 19 हजार 920 रुपये मूल्य का माल जब्त किया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से एमडी पाउडर बिक्री के लिए अपने पास रखे हुए था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भांडेवाड़ी पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त रविंद्रकुमार सिंगल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (दक्षिण विभाग) वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहित ओव्हाल के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन चरडे, उपनिरीक्षक दीपक चालरकर एवं उनकी जांच टीम ने की।













