डॉ. सिंगल का एसीबी में स्थानांतरण
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। महाराष्ट्र सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के तहत बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए चर्चित और तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी विश्वास नांगरे पाटिल को नागपुर शहर का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। वहीं वर्तमान पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल का तबादला एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर किया है। 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी विश्वास नांगरे पाटिल महाराष्ट्र के सबसे लोकप्रिय और प्रभावी पुलिस अधिकारियों में शुमार हैं। अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव के दौरान उन्होंने पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, मुंबई पुलिस में उपायुक्त, ठाणे ग्रामीण एसपी, नासिक पुलिस आयुक्त तथा मुंबई पुलिस के कानून-व्यवस्था विभाग में सहपुलिस आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली है।
हाल ही में वे एंटी करप्शन ब्यूरो में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के रूप में कार्यरत थे। वर्ष 2008 के 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान ताज होटल में उनके साहस और नेतृत्व की व्यापक सराहना हुई थी, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के कारण वे युवाओं के बीच प्रेरणास्रोत माने जाते हैं। नागपुर के नए सीपी के रूप में उनके सामने साइबर अपराधों पर नियंत्रण, ड्रग्स के अवैध कारोबार पर अंकुश, ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार तथा संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। राज्य की उपराजधानी होने के कारण नागपुर में वीआईपी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी एक बड़ी जिम्मेदारी मानी जाती है। वहीं, वर्तमान पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल को एंटी करप्शन ब्यूरो में अपर पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. सिंगल एक अनुभवी आईपीएस अधिकारी हैं और उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों एवं विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। नागपुर सीपी के रूप में उनके कार्यकाल में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, साइबर अपराध नियंत्रण तथा नागरिक सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। विश्वास नांगरे पाटिल की नियुक्ति को नागपुर पुलिस प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।












