मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, रविवार या सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट विस्तार और फेरबदल हो सकता है। इस संभावित बदलाव में कई वरिष्ठ मंत्रियों के विभाग बदले जाने, कुछ मंत्रियों को बाहर किए जाने और कई नए चेहरों को शामिल किए जाने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस दौरान संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में कैबिनेट फेरबदल की अटकलें और तेज हो गई हैं। पूर्व आरबीआई गवर्नर और प्रधानमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव रहे शक्तिकांत दास को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक उन्हें पूर्ण कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया जा सकता है। चर्चा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्रालय से हटाकर शिक्षा मंत्रालय (एचआरडी) की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और हरदीप सिंह पुरी को मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है। हालांकि सरकार की ओर से इस संबंध में कोई संकेत नहीं दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, जेडीयू और नीतीश कुमार खेमे को भी कैबिनेट विस्तार में प्रतिनिधित्व मिल सकता है। कुछ चर्चाओं में स्वयं नीतीश कुमार के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, आधा दर्जन से अधिक केंद्रीय राज्यमंत्रियों को भी मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है। इसके साथ ही कई मंत्रालयों के प्रभार में बदलाव की भी संभावना जताई जा रही है।












