निर्णय : विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस पर नागपुर पुलिस की कार्रवाई
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। विश्व मादक पदार्थ विरोधी दिवस के अवसर पर नागपुर शहर पुलिस द्वारा ऑपरेशन थंडर अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों में जब्त किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत नष्ट किया गया। पुलिस आयुक्त रविंद्र कुमार सिंगल की संकल्पना के तहत 19 जून से 26 जून 2026 तक पूरे नागपुर शहर में मादक पदार्थ विरोधी जनजागरूकता सप्ताह आयोजित किया गया। अभियान के समापन पर शुक्रवार को एमआईडीसी बुटीबोरी स्थित महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा अधिकृत कंपनी महाराष्ट्र एनवायरो लिमिटेड में ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में जब्त किए गए मादक पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार कुल 120 मामलों में जब्त किए गए 484 किलोग्राम मादक पदार्थ, जिनमें एमडी, गांजा, चरस और डोडा पाउडर शामिल थे, को नष्ट किया गया। इन मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 2 करोड़ 19 लाख 11 हजार 653 रुपये बताई गई है। पूरी प्रक्रिया एमपीसीबी के निर्धारित नियम एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की गई। इस अवसर पर कॉलेज एवं स्कूल के विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया। उन्हें जब्त किए गए मादक पदार्थों के नष्ट करने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया तथा नशे के दुष्प्रभावों और समाज पर उसके गंभीर असर के बारे में जागरूक किया गया।
मादक पदार्थ नष्ट करने की इस कार्रवाई के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाड़े, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) राहुल माकणीकर, राज्य अपराध अन्वेषण विभाग के पुलिस उपाधीक्षक महादेव भारसाकड़े, पुलिस निरीक्षक शुभांगी मोहाडे, महाराष्ट्र एनवायरो लिमिटेड के अधिकृत अधिकारी प्रशांत म्हस्के, सुरक्षा अधिकारी रेवनाथ ठाकरे तथा अपराध शाखा के मादक पदार्थ विरोधी दस्ते के पुलिस निरीक्षक गजानन गुल्हाने एवं उनकी टीम उपस्थित रही। नागपुर पुलिस ने इस अवसर पर नागरिकों से नशे के खिलाफ जागरूक रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।












