आदित्य ठाकरे के करीबी को शिंदे ने बनाया उपसभापति पद का उम्मीदवार
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। शिंदे गुट ने शिवसेना (उबाठा) को एक और बड़ा झटका दिया है। आदित्य ठाकरे के सबसे करीबी माने जाने वाले और विधान परिषद सदस्य सचिन अहीर पाला बदलकर एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल हो गए। अहीर ने शिंदे गुट में शामिल होते ही विधान परिषद के उपसभापति पद के लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया। नामांकन के दौरान सचिन अहीर के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के साथ ही शिवसेना के विधायक और बीजेपी के मंत्री चंद्रकांत पाटिल भी मौजूद रहे।
सचिन अहीर के इस कदम से शिवसेना (उबाठा) में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। महाराष्ट्र की राजनीति में इस कदम को ऑपरेशन टाइगर-3 के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें शिंदे गुट का दावा है कि उद्धव खेमे के कई विधायक पाला बदलेंगे। इस नाटकीय घटनाक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्ष पर तीखे तंज कसे। सचिन अहीर का शिवसेना (उबाठा) का साथ छोड़ना निर्वाचन क्षेत्र में एक अपूरणीय क्षति आदित्य ठाकरे के लिए वर्ली माना जा रहा है। (पेज 6 पर)
एक-एक कर विकेट गिरते रहेंगे : एकनाथ शिंदे
सचिन अहीर के पार्टी में शामिल होने और उपाध्यक्ष पद का पर्चा भरने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का उत्साह देखने लायक था। उद्धव ठाकरे के दौरों पर सीधा निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, पिछले हफ्ते हमारी पार्टी में छह सांसदों ने छक्का मारा था, जिससे कुछ लोग बौखलाकर छह-छह निर्वाचन क्षेत्रों की खाक छान रहे हैं। आज मुंबई लौटते ही सचिन अहीर ने भी हमारी तरफ से आकर एक और करारा छक्का जड़ दिया है। महाराष्ट्र की राजनीति के इस मैदान पर अभी चौके और छक्के बरस रहे हैं और आगे भी बरसते रहेंगे। विपक्ष का एक-एक कर विकेट गिरता रहेगा, क्योंकि क्रिकेट का असली मजा तो इसी में है।
सचिन अहीर की जगह बोल गए सचिन तेंदुलकर
इस बेहद गंभीर और हाई-प्रोफाइल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक ऐसा मजेदार वाकया भी सामने आया जिसने वहां मौजूद सभी नेताओं और पत्रकारों को हंसने पर मजबूर कर दिया। अपनी बात रखते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की जुबान अचानक फिसल गई और उन्होंने नवनिर्वाचित उम्मीदवार सचिन अहीर की जगह कह दिया, हमारे विधायक सचिन तेंदुलकर। जैसे ही उपमुख्यमंत्री के मुंह से क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर का नाम निकला, बगल में बैठे मुख्यमंत्री समेत पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा। एकनाथ शिंदे ने भी मुस्कुराते हुए तुरंत अपनी गलती सुधारी और माहौल को हल्का-फुल्का बना दिया।











