नागपुर। मुंबई में भारी बारिश के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित होने से नागपुर के एक मंत्री और कई विधायक शहर के हवाई अड्डे पर ही फंस गए और सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के लिए मुंबई नहीं पहुंच सके। मुंबई में सोमवार को हुई भारी बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। मुंबई से नागपुर और नागपुर से मुंबई आने-जाने वाली कई उड़ानें घंटों विलंबित रहीं। इसके कारण राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले समेत नागपुर जिले के कई विधायक महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मुंबई नहीं पहुंच सके। लंबे इंतजार के बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने अपनी यात्रा स्थगित कर मंगलवार को मुंबई रवाना होने का निर्णय लिया। मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के बाद राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों में मानसून सत्र को स्थगित कर दिया गया।
जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक समीर मेघे ने पत्रकारों से कहा कि नागपुर से मुंबई के लिए सुबह 10:10 बजे की उनकी इंडिगो उड़ान रवाना नहीं हो सका, जिससे उनका समूह अनिश्चितता की स्थिति में फंस गया और अंततः उन्हें अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। भाजपा विधायक प्रवीण दटके ने कहा कि उन्होंने बारिश के कारण हुई अव्यवस्था से बचने के लिए अपनी यात्रा स्थगित कर दी। कांग्रेस विधायक विकास ठाकरे ने असंतोष जताते हुए उड़ानों के समय को लेकर अनिश्चितता और मुंबई में फंसने की आशंका पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समय की भरपाई के लिए विधानसभा सत्र बढ़ाया जाना चाहिए। बावनकुले, विधायक विकास ठाकरे, समीर मेघे और प्रवीण दटके के साथ-साथ एमएलसी राजीव पोतदार भी उन लोगों में शामिल रहे जो समय पर मुंबई नहीं पहुंच सके।
मानसून की शुरुआत से ही स्थिति खराब
हवाई यातायात में आ रही यह दिक्कत कोई पहली बार नहीं है। पिछले महीने, जून के दूसरे और तीसरे हफ्ते में भी मुंबई और पुणे में मानसून की पहली जोरदार बारिश और खराब मौसम के चलते कई विमानों को आधे से एक घंटे तक हवा में ही चक्कर लगाने पड़े थे। इसके अलावा दिल्ली और मुंबई से आने वाली कुछ उड़ानें तकनीकी खराबी के चलते भी लेट हुई थीं।
इंडिगो की उड़ान रद्द, कई फ्लाइट्स घंटों लेट
मुंबई में ऑपरेशनल और तकनीकी दिक्कतों के चलते इंडिगो एयरलाइंस की मुंबई-नागपुर-मुंबई विमान सेवा (6E-6802/5175) को पूरी तरह रद्द करना पड़ा। इसके अलावा, कई अन्य विमानों का शेड्यूल बुरी तरह बिगड़ गया। मुंबई से सुबह 9:30 बजे नागपुर पहुंचने वाली फ्लाइट (6E-6058/6145) सुबह 11:05 बजे तक भी नागपुर नहीं उतर सकी थी। इसी तरह, सुबह 11:40 बजे आने वाली एक और उड़ान (6E-2060/5344) भी मुंबई में ट्रैफिक जाम के कारण हवा में ही फंसी रही। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का लाइव स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।
विधानसभा का कामकाज बढ़ाया जाए : विकास ठाकरे
कांग्रेस विधायक विकास ठाकरे ने उड़ानों में हुई देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब मुंबई से विमान ही समय पर नहीं उड़ रहे थे, तब यह तय करना मुश्किल था कि नागपुर कब पहुंचेंगे और वहां से मुंबई कब रवाना हो पाएंगे। इसी वजह से यात्रा स्थगित करनी पड़ी। ठाकरे ने सरकार से मांग की कि इस असाधारण परिस्थिति को देखते हुए विधानसभा के कामकाज की अवधि बढ़ाई जाए, ताकि सभी जनप्रतिनिधियों को सदन की कार्यवाही में भाग लेने का पर्याप्त अवसर मिल सके।













