डॉक्टर पर हमले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई
लोकवाहिनी, संवाददाता
ठाणे। कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका के डोंबिवली स्थित शास्त्रीनगर अस्पताल में ड्यूटी के दौरान दो डॉक्टरों और दो नर्सों के साथ मारपीट करने के मामले में शिंदे गुट की शिवसेना के डोंबिवली पश्चिम के कोपर क्षेत्र के पार्षद रमेश सुर्या म्हात्रे को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 6 जुलाई की शाम डोंबिवली में कल्याण-डोंबिवली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन द्वारा चलाए जा रहे शास्त्री नगर अस्पताल में हुई। पुलिस ने मंगलवार रात म्हात्रे और 5 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। बुधवार को म्हात्रे को उसके घर से हिरासत में लिया गया।
अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, घटना तब शुरू हुई जब डॉक्टर, सृष्टि बाविसकर और वैभव सालुंखे ने एक नवजात शिशु के रिश्तेदारों के बच्चे को किसी दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। अस्पताल का नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट भरा हुआ था और डॉक्टरों ने बच्चे की सही देखभाल की जरूरत का हवाला देकर उसे दूसरे अस्पताल जाने को कहा। रिश्तेदारों ने म्हात्रे को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद वो अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए अस्पताल के वीडियो फुटेज में म्हात्रे को एक महिला डॉक्टर के पीछे से आते हुए देखा जा सकता है, जो उस समय मोबाइल फोन पकड़े हुए थीं। म्हात्रे ने उस लेडी डॉक्टर पर हमला किया, जिससे उनका फोन गिर गया। इसके बाद म्हात्रे और उसके समर्थकों ने दूसरे स्टाफ सदस्यों के साथ भी बदसलूकी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।
विधानसभा में विपक्ष ने मुख्यमंत्री को घेरा
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक अस्पताल में नवजात शिशु को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दिए जाने से नाराज शिवसेना के एक पार्षद और उसके साथियों ने कथित तौर पर दो चिकित्सकों के साथ मारपीट की। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। विपक्षी शिवसेना (उबाठा) ने सरकार को घेरते हुए पूछा कि क्या मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ऐसी गुंडागर्दी बर्दाश्त करेंगे? वहीं सत्तारूढ़ शिवसेना के सांसद श्रीकांत शिंदे, जो खुद एक चिकित्सक हैं, ने हमले की निंदा की और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम कल्याण स्थित नगर निगम संचालित अस्पताल में हुई। घटना का वीडियो वहां लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट की सभी स्तरों पर निंदा
कल्याण, डोंबिवली शहर सहित राज्य के विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों के डॉक्टरों ने शास्त्रीनगर अस्पताल के युवा महिला और पुरुष डॉक्टर के साथ पार्षद रमेश म्हात्रे द्वारा किए गए इस कृत्य पर तीव्र नाराजगी व्यक्त की है। राज्य सरकार को स्वयं पहल करते हुए इस पार्षद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ऐसी प्रतिक्रिया राज्यभर के डॉक्टरों, जागरूक नागरिकों, वकीलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से सामने आ रही है। मारपीट के इस मामले में रमेश म्हात्रे मुख्य आरोपी हैं। ऐसे में पुलिस उन्हें अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है, यह सवाल डॉक्टर संगठनों और समाज के विभिन्न वर्गों के जागरूक नागरिक उठा रहे हैं। यदि म्हात्रे की गिरफ्तारी में कोई राजनीतिक दबाव है, तो पुलिस को इसकी सार्वजनिक घोषणा करनी चाहिए, ऐसी मांग भी चिकित्सा क्षेत्र की ओर से की जा रही थी।











