नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में बजाज नगर थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच यूनिट की टीम ने सोमवार को दोपहिया वाहन चोरी करने वाले आरोपी और उनके नाबालिक साथियों को गिरफ्तार कर लगभग 1,50,000 रुपये का चोरी का माल जब्त किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर अलंकार नगर, बेसा निवासी आर्यन धीरज गायकवाड समेत दो नाबालिक लड़कों को हिरासत में लिया गया। आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है। इनके कब्जे से चोरी की हुई दो एक्टिवा स्कूटर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। कुल मिलाकर इस छापेमारी में 1,50,000 रुपये मूल्य का माल पुलिस के हाथ लगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह अक्सर नाबालिकों का सहारा लेकर शहर में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था, ताकि गिरफ्तारी की संभावना कम हो। इस गिरफ्तारी के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि गिरोह के बड़े सदस्य भी पुलिस के जाल में फंस सकते हैं।
बजाज नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस छापेमारी में सतर्कता और गुप्त सूचना की भूमिका सराहनीय रही, जिससे वाहन चोरी की कई अन्य घटनाओं के खुलासे की उम्मीद बढ़ गई है।
यह कार्रवाई शहर में वाहन चोरी की घटनाओं को रोकने और अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
रिपोर्ट – विशाल बाम्बड़वार, लोकवाहिनी मीडिया, नागपुर








