नागपुर। क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने सदर थाना क्षेत्र में संचालित एक स्पा सेंटर पर छापा मारकर कथित देह व्यापार के मामले का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर छावनी चौक स्थित अचरज टावर में संचालित रेडिएंट सैलून एंड स्पा सेंटर पर निगरानी रखी गई। मामले की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक बोगस ग्राहक भेजा। कथित सौदा तय होते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने स्पा सेंटर पर छापा मारकर कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि स्पा सेंटर संचालक भूषण वाघमारे (31) आर्थिक तंगी से जूझ रही महिलाओं को पैसों का लालच देकर इस कथित अवैध गतिविधि से जोड़ता था। पुलिस के अनुसार, एक महिला के लिए चार हजार रुपये में कथित सौदा तय किया गया था, जबकि स्पा सेंटर में मौजूद तीन महिलाओं को 15 हजार रुपये प्रतिमाह भुगतान के आधार पर रखा गया था। जांच में यह भी सामने आया कि रेस्क्यू की गई महिलाओं में से एक का नाम पहले भी इसी प्रकार के एक मामले में सामने आ चुका है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से नकद राशि, मोबाइल फोन, डीवीआर बॉक्स सहित करीब 36 हजार रुपये मूल्य का सामान जब्त किया। आरोपी तथा रेस्क्यू की गई महिलाओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सदर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।














