फैसला : ई 20 पूरी तरह सुरक्षित, सरकार ने संसद में साफ किया रुख
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण (ई20) एक सुरक्षित, स्वच्छ और तकनीकी रूप से उन्नत ईधन है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने संसद में यह साफ कर दिया कि सरकार का फिर से ई0 (बिना इथेनॉल वाला पेट्रोल) या ई10 पेट्रोल पर लौटने का कोई प्रस्ताव नहीं है। सरकार की नीति एक श्रेष्ठ और बेहतर तकनीक की ओर आगे बढ़ने की है, न कि किसी घटिया मानक की ओर वापस लौटने की। संसद में दिए आंकड़ों के मुताबिक भारत ने अपने निर्धारित लक्ष्य से पांच साल पहले ही 20% इथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य हासिल कर लिया है। वर्ष 2022-23 में औसत इथेनॉल मिश्रण 12% था, जो 2023-24 में बढ़कर 14.6%, 2024-25 में 19.2% और 2025-26 (नवंबर-जून) में 20% तक पहुंच गया। फिलहाल 20% से अधिक ब्लेंडिंग का कोई फैसला नहीं लिया गया है। वहीं फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए लाया गया ई85 (85% इथेनॉल) ईधन केवल उन्हीं वाहनों के लिए प्रमाणित है और वह सामान्य पेट्रोल सप्लाई में शामिल नहीं है।
इंजन को नुकसान की आशंकाएं खारिज
लिखित जवाब में सरकार ने सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया। इंजन खराब होने या माइलेज कम होने की खबरों पर सरकार ने कहा कि व्यापक प्रयोगशाला परीक्षणों, फील्ड सत्यापन और वास्तविक इस्तेमाल के डेटा से यह सिद्ध हो चुका है कि ई20 ईधन से वाहनों या इंजनों को कोई असामान्य नुकसान या घिसावट नहीं होती है। देश के एक प्रमुख पैसेंजर वाहन निर्माता ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 2.84 करोड़ वाहनों की सर्विसिंग की, जिनमें लगभग 1.5 करोड़ पुराने (non-ई20 प्रमाणित) वाहन शामिल थे, और इथेनॉल के कारण इंजन खराब होने की कोई शिकायत सामने नहीं आई। वर्तमान में 20 करोड़ से अधिक दोपहिया और 3 करोड़ से अधिक पेट्रोल कारें ई15+ और ई20 ब्लेंड पर बिना किसी बड़ी खराबी के चल रही हैं।
माइलेज और परफॉर्मेंस पर प्रभाव
माइलेज के संबंध में सरकार ने स्पष्ट किया कि ईधन दक्षता कई कारकों पर निर्भर करती है—जैसे ड्राइविंग की आदतें, वाहन का रखरखाव और सड़क की स्थितियां। पुराने ई10 डिजाइन वाले वाहनों में ई20 से माइलेज में अधिकतम 3 से 5 प्रतिशत की मामूली कमी हो सकती है। हालांकि, ई20 ईधन का ऑक्टेन नंबर अधिक होता है, जिससे वाहन का पिक-अप, राइड क्वालिटी और इंजन परफॉर्मेंस बेहतर होता है।











