कन्हान। थानांतर्गत कांद्री निवासी एक विवाहिता द्वारा ससुराल में कथित मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के कारण आत्महत्या किए जाने का आरोप उसकी मां ने लगाया है। इस संबंध में कन्हान थाने में मृतका के पति भवानी अस्पताल के पास पारडी, नागपुर निवासी गौरव संजय शेरके (26) और ससुर संजय शेरके (52) के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
फरियादी हरिहर नगर, कांद्री निवासी शालू गोपाल बोबडे द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी आकांक्षा का विवाह गौरव शेरके से 18 अप्रैल 2026 को हुआ था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद कुछ दिनों तक सब ठीक रहा, लेकिन उसके बाद उसके पति और ससुर उसे घर के सारे काम करने के लिए मजबूर कर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मारपीट, उचित और पर्याप्त भोजन न मिलने और लगातार उत्पीड़न के कारण आकांक्षा की सेहत बिगड़ गई। मायके लौटने के बाद भी आकांक्षा की हालत में सुधार नहीं हुआ। बाद में पति से मिलने के बाद मायके लौटने पर वह मानसिक तनाव में थी। 25 जुलाई को उसने फांसी लगाने का प्रयास किया। उसे तुरंत कामठी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन आज रविवार (26 जुलाई) को सुबह 8.45 बजे इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मृतका की मां ने अपनी बेटी की मौत के लिए उसके पति और ससुर को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कन्हान थानेदार वैजयंती मंडवधरे के मार्गदर्शन में पुलिस ने धारा 108, 85 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










