चंद्रपुर/ब्रह्मपुरी। केंद्र और महाराष्ट्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी, किसान विरोधी और युवा विरोधी नीतियों के विरोध में गुरुवार को ब्रह्मपुरी में कांग्रेस की ओर से विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार के नेतृत्व में विराट जनआक्रोश महामोर्चा निकाला गया। राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज क्रीड़ांगण से निकले इस विशाल मार्च में हजारों नागरिक, महिलाएं, युवा, किसान, मजदूर तथा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सरकार विरोधी नारों से पूरा शहर गूंज उठा। महामोर्चे को संबोधित करते हुए विजय वडेट्टीवार ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने सत्ता का उपयोग आम जनता के बजाय चुनिंदा उद्योगपतियों के हित में किया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों को कमजोर करने, देश की संपत्ति बेचने और महंगाई बढ़ाकर आम लोगों को आर्थिक संकट में धकेलने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम नागरिकों की कमर टूट गई है, बेरोजगारी के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है और किसान कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं।
विजय वडेट्टीवार ने भाजपा सरकार पर बोला हमला
महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे भी लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। उनके अनुसार सरकार की नीतियों से समाज का हर वर्ग प्रभावित हुआ है। वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले लड़की बहन योजना के तहत बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद करीब एक करोड़ महिलाओं को योजना से बाहर कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि धान उत्पादक किसानों को बोनस नहीं मिला और कर्जमाफी की घोषणा भी किसानों के लिए लाभकारी साबित नहीं हुई। भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बिना ’40 प्रतिशत कमीशन’ के कोई काम नहीं हो रहा है। गोसेखुर्द परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मंत्री रहते हुए उन्होंने इस परियोजना के लिए पांच हजार करोड़ रुपये का प्रावधान कराया था, जिससे सिंचाई व्यवस्था को गति मिली। लेकिन वर्तमान सरकार में परियोजनाओं का काम धीमी गति से चल रहा है, जिसका नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने समृद्धि महामार्ग के विस्तार के लिए किसानों की उपजाऊ जमीन कम मुआवजे पर अधिग्रहित किए जाने का भी विरोध किया और कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी। राज्य में स्कूल बंद करने के फैसले और स्मार्ट मीटर योजना को लेकर भी उन्होंने सरकार की आलोचना की।
अन्याय के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान
■ देश भर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि जनता आगामी समय में सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। युवा कांग्रेस की प्रदेश महासचिव शिवानी वडेट्टीवार ने भी सरकार की कथित दमनकारी नीतियों की आलोचना करते हुए अन्याय के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। मोर्चे के समापन के बाद तहसीलदार के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में महंगाई पर नियंत्रण, बेरोजगारों को रोजगार, किसानों को उचित समर्थन मूल्य और न्याय, महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम तथा आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने की मांग की गई। महामोर्चे में युवा कांग्रेस महासचिव शिवानी वडेट्टीवार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वजीत कोवासे, कांग्रेस अध्यक्ष खेमराज तिडके, शहरध्यक्षा हितेंद्र राउत, प्रभाकर सेलोकर, राजेश कांबले, प्रमोद चिमुरकर, योगेश मिसार, डॉ. नितिन उराडे, थानेश्वर कायस्कर, सोनू नाकतोडे सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और हजारों नागरिक मौजूद रहे।














