नई दिल्ली। फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की ए320 एक फ्लाइट एआई2379 अचानक लगभग 300 फीट नीचे गिर गई थी। इस घटना में शामिल पायलट के ड्रग टेस्ट की फाइनल रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने रविवार को बताया कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक विमान के दोनों पायलटों को ड्यूटी रोस्टर से हटा दिया गया है। यह घटना 4 अगस्त को हुई थी। एयर इंडिया का ए320 विमान (VT-EXO) फुकेट से दिल्ली जा रहा था, तभी उसमें अचानक जोरदार झटके लगे और वह लगभग 300 फीट नीचे गिर गया।
हालांकि, बाद में विमान को संभाल लिया गया और वह सुरक्षित दिल्ली में उतर गया। घटना के बाद नियमों के तहत दोनों पायलटों का साइकोएक्टिव सबस्टेंस स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया। कैप्टन के टेस्ट में ऐसा रिजल्ट आया, जिसके लिए दोबारा पुष्टि करने वाला टेस्ट जरूरी है। कैप्टन का सैंपल अधिकृत लैब भेज दिया गया है अभी फाइनल रिपोर्ट का इंतजार है। इसका मतलब यह नहीं है कि पायलट निश्चित रूप से नशे में था, अंतिम पुष्टि लैब की रिपोर्ट के बाद ही होगी। इस घटना को गंभीर विमानन घटना के रूप में दर्ज किया गया है।
जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विमान की ऊंचाई अचानक क्यों कम हो गई और इस घटना के दौरान उसमें सवार यात्रियों और क्रू को चोटें कैसे आईं। मामले की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) कर रहा है। जांच पूरी होने और टेस्ट की अंतिम रिपोर्ट आने तक दोनों पायलटों को डीजीसीए ने ड्यूटी / रोस्टर से हटा दिया है। आगे की कार्रवाई जांच और कन्फर्मेटरी टेस्ट के नतीजों के आधार पर होगी।













