नागपुर। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीनस्थ खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के फार्मास्युटिकल रसायन विभाग के प्रोफेसर और आईआईएल के प्रभारी निदेशक डॉ. प्रकाश इटनकर को विशेष आहार उपयोग वाले खाद्य पदार्थ विषय पर गठित विशेषज्ञ समिति के सदस्य के रूप में चुना है. एफएसएसएआई देश में खाद्य सुरक्षा मानकों को नियमित और निगरानी करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत एक वैधानिक निकाय के रूप में स्थापित किया गया है. खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रभावी विनियमन, मामलेवार जोखिम मूल्यांकन और उभरते खाद्य सुरक्षा मुद्दों पर आवश्यक तकनीकी, वैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए एफएसएसएआई ने विभिन्न विशेषज्ञ समितियों का गठन/पुनर्गठन किया है.
इस संबंध में आदेश 15 जुलाई 2026 को जारी किया गया है. इसी संदर्भ में, एफएसएसएआई ने विशेष आहार उपयोग के लिए खाद्य पदार्थ पर गठित विशेषज्ञ समिति के सदस्य के रूप में आईआईएल के निदेशक डॉ. प्रकाश इटनकर का चयन किया है. एफएसएसएआई की विशेष आहार उपयोग के लिए खाद्य पदार्थ पर विशेषज्ञ समिति के सदस्य के रूप में डॉ. प्रकाश इटनकर के चयन पर कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर, प्र-कुलगुरु डॉ. अखिलेश पेशवे, कार्यवाहक रजिस्ट्रार डॉ. विजय खंडाल, फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री विभाग के प्रमुख डॉ. राजेंद्र काकड़े और अन्य शिक्षकों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी.













