दो नाबालिग दोस्तों की मौके पर मौत, तीसरा गंभीर रूप से घायल
भरतवाड़ा स्थित वाय पॉइंट के पास खड़े ट्रक से टकरा दी कार
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए कार से निकले तीन नाबालिग दोस्तों की कार बुधवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। भीषण हादसे में दो नाबालिग दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा तीसरा नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा कलमना थाना क्षेत्र के पावनगांव से भरतवाड़ा वाय-पॉइंट मार्ग पर हुआ। पुलिस ने इस मामले में कार चालक के पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मृतकों में भौमिक अमोल लारोकर (16), निवासी वर्धा रोड और सागर संजय मेलवाणी (17), निवासी पारडी है। वहीं, कार चला रहा मिहीर आनंद बेहार (17), निवासी सुभाननगर गंभीर रूप से घायल है। तीनों 11वीं कक्षा के विद्यार्थी बताए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिहीर, भौमिक और सागर अपने मित्र जय का जन्मदिन मनाने के लिए निकले थे। इसके लिए मिहीर ने अपने पिता से कार मांगी थी। पिता द्वारा कार देने के बाद तीनों दोस्त जय के जन्मदिन के लिए रवाना हुए। जय के आने में समय होने के कारण तीनों कार से घूम रहे थे।
इसी दौरान भरतवाड़ा स्थित वाय-पॉइंट के पास मिहीर द्वारा चलाई जा रही कार ने सड़क पर खड़े ट्रक क्र. सीजी 04 एमसी 2981 को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर चकनाचूर हो गई। हादसे में भौमिक और सागर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मिहीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तारांगण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही कलमना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। तीनों नाबालिग होने के कारण पुलिस ने कार उपलब्ध कराने वाले मिहीर के पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसा किस वजह से हुआ और कार की रफ्तार कितनी थी, इसकी जांच कलमना पुलिस कर रही है।










